अंबेडकरनगर में 400 एमवीए का नया ट्रांसमिशन स्टेशन प्रस्तावित, बिजली आपूर्ति होगी और मजबूत

अंबेडकरनगर। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और बढ़ते लोड के दबाव को कम करने के लिए पावर ट्रांसमिशन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 400 एमवीए क्षमता का एक नया ट्रांसमिशन स्टेशन स्थापित किए जाने की योजना तैयार की गई है।

इस प्रस्तावित परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश तेज कर दी गई है। अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने टांडा, कटेहरी और भीटी क्षेत्र में लगभग पांच हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा है।

यह नया ट्रांसमिशन केंद्र न केवल अंबेडकरनगर जिले की बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि पड़ोसी जिले अयोध्या और सुल्तानपुर को भी बेहतर आपूर्ति उपलब्ध कराएगा।

वर्तमान में जिले में कुर्की स्थित 220 केवी ट्रांसमिशन स्टेशन कार्यरत है, जिसकी कुल क्षमता करीब 480 एमवीए है। यह स्टेशन कोटवा महमदपुर स्थित 132 केवी उपकेंद्र के माध्यम से जिले के 42 उपकेंद्रों और 146 फीडरों को बिजली उपलब्ध कराता है, जिससे लगभग 20 लाख की आबादी लाभान्वित होती है।

हाल के वर्षों में बिजली की मांग में तेजी से वृद्धि हुई है। घरेलू और व्यावसायिक उपयोग में उपकरणों की बढ़ती संख्या के चलते वर्तमान स्टेशन पर लगभग 350 एमवीए का भार पहुंच गया है, जिसमें हर वर्ष 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा रही है।

इसी बढ़ती मांग को देखते हुए 400 एमवीए क्षमता वाला नया स्टेशन प्रस्तावित किया गया है। भूमि मिलने के बाद इसमें 160-160 एमवीए के दो तथा 40-40 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाने की योजना है।

यह आधुनिक ट्रांसमिशन केंद्र लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले उपकेंद्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। इसके दायरे में कटेहरी, भीटी, महरुआ, सेनपुर सहित अयोध्या के गोसाईंगंज, माया बाजार और सुल्तानपुर की जयसिंहपुर तहसील एवं सेमरी बाजार क्षेत्र शामिल होंगे।

परियोजना के तहत परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि इस परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इसके निर्माण से क्षेत्रीय बिजली आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।

और नया पुराने