अंबेडकर नगर जिले के सम्मनपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आए। प्राथमिक विद्यालय कहरा सुलेमपुर में रविवार रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई, जिसका खुलासा सोमवार सुबह हुआ। विद्यालय का ताला तोड़कर चोर कार्यालय में घुसे और कीमती सामान समेत जरूरी सरकारी दस्तावेज समेट ले गए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सईद अहमद अंसारी के अनुसार, चोर दो एलसीडी, पिछले तीन वर्षों की खेल सामग्री किट, दो बड़े बैग, माता उन्मुखी सामग्री किट और कई अहम कागजात चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह जब विद्यालय स्टाफ के साथ वे स्कूल पहुंचे, तब कार्यालय का ताला और अलमारी टूटी मिली।
बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय गांव से बाहर एक सुनसान इलाके में स्थित है। परिसर में न तो चारदीवारी है और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था। विद्यालय वर्तमान में बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में रात्रि गश्त और सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भी चोरी की घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
