अम्बेडकरनगर। के थाना बसखारी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पताल में सी-सेक्शन ऑपरेशन के दौरान 28 वर्षीय महिला की मौत के सनसनीखेज मामले में मिशन शक्ति पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में 13 फरवरी 2026 को थाना बसखारी पर पंजीकृत मु0अ0सं0-34/2026 धारा 105/3(5) बीएनएस से संबंधित प्रकरण में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में योगेश यादव (32) निवासी मालीपुर थाना मालीपुर जनपद अम्बेडकरनगर तथा शुभम विश्वकर्मा (19) निवासी बेलवाई थाना अखण्डनगर जनपद सुल्तानपुर शामिल हैं, जिन्हें दोपहर करीब 12:10 बजे पूर्वी चौराहा, बसखारी बाजार के पास से हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार योगेश यादव अपने पिता भगवान दास, जो सीएचसी जलालपुर में पूर्व वार्ड बॉय रह चुका है, के साथ दवा-इलाज से जुड़ा कार्य करता था और इसी सीमित अनुभव के आधार पर उसने बिना किसी वैध चिकित्सीय डिग्री या पंजीकरण के सह अभियुक्त शुभम विश्वकर्मा के साथ मिलकर कस्बा बसखारी स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में मृतका प्रियंका का सी-सेक्शन ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान लापरवाही और चिकित्सकीय मानकों की अनदेखी के कारण महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया और मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य संकलन, पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। गिरफ्तार करने वाली मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक कमलेश यादव, हेड कांस्टेबल बालकृष्ण तिवारी, कांस्टेबल अमित चौरसिया और महिला कांस्टेबल चन्दा शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। साथ ही अवैध रूप से संचालित चिकित्सीय संस्थानों की जांच के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों, झोलाछाप प्रैक्टिस और महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
