जनपद अम्बेडकरनगर के थाना बसखारी पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए इन्वर्टर और बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय की निगरानी में बसखारी पुलिस टीम ने दिनांक 30 जनवरी 2026 को बीबीपुर पुलिया के पास से अभियुक्त रजनीश वर्मा उर्फ अनूप पुत्र स्वर्गीय आज्ञाराम वर्मा निवासी बलरामपुर थाना इब्राहिमपुर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 7 चोरी की बैटरियां एवं 3 इन्वर्टर बरामद किए गए, जिनमें ल्यूमिनस कंपनी के इन्वर्टर भी शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से गांवों के बाहर स्थित प्राथमिक विद्यालयों, जूनियर हाई स्कूलों एवं पंचायत भवनों को निशाना बनाता था, जहां लगे इन्वर्टर और बैटरियों को चोरी कर ले जाता था। अभियुक्त द्वारा 22 जनवरी 2026 को ग्राम बीबीपुर स्थित जूनियर हाई स्कूल से इन्वर्टर और बैटरी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके संबंध में थाना बसखारी पर मुकदमा अपराध संख्या 26/2026 तथा कोतवाली जलालपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 13/2025 दर्ज किया गया था। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध थाना इब्राहिमपुर, मालीपुर एवं सम्मनपुर थानों में चोरी एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है, जबकि इस गिरोह में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। बसखारी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags
अम्बेडकर नगर
