पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि महरुआ की ओर से दो गाड़ियों में गांजा की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही भीटी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया। खजुरी पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध वाहनों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन सवार नहीं रुके और भागने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख टीयूवी सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और दोनों वाहनों को घेर लिया। तलाशी के दौरान नायब तहसीलदार की मौजूदगी में स्विफ्ट डिजायर से 36 बंडलों में 37.078 किलो तथा टीयूवी से 6 बंडलों में 6.004 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार राजभर निवासी मझौवा थाना महाराजगंज जनपद आजमगढ़, सोनू चौहान निवासी मेहरौली थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर और इसरावती निवासी देवरिया भस्मा थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। फरार आरोपियों की पहचान राहुल वर्मा निवासी सिंघवन पुरुषोत्तम पट्टी थाना अहिरौली और अर्जुन वर्मा निवासी बाला पैकोली थाना अहिरौली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी राहुल वर्मा के खिलाफ पूर्व में उड़ीसा के कालाहांडी जनपद में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
मामले में थाना भीटी पर मुकदमा संख्या 20/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व 109(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी भीटी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक भीटी और एसओजी प्रभारी की संयुक्त टीम ने अंजाम दी। पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
