अम्बेडकरनगर जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त जितेन्द्र कुमार पुत्र मिठाई लाल उर्फ मिठठू निवासी ग्राम मोलनापुर को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:25 बजे चोरमरा अंडरपास रोड के पास घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोचा। अभियुक्त के विरुद्ध थाना राजेसुल्तानपुर में मु0अ0सं0 02/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
जांच में सामने आया है कि जितेन्द्र कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2025 में गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत मामला शामिल है, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। गिरफ्तारी की इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक अर्जुन यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल ध्रुवराज यादव, कांस्टेबल अनुराग यादव एवं कांस्टेबल विजय बहादुर यादव की टीम ने अंजाम दिया। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन के सख्त तेवर साफ नजर आ रहे हैं।
