इब्राहिमपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 5 अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बोलेरो फर्जी नंबर प्लेट सहित बरामद

अम्बेडकरनगर जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना इब्राहिमपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय वाहन चोर गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की एक महिन्द्रा बोलेरो बरामद की है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। यह कार्रवाई 4 जनवरी की देर रात करीब 11:45 बजे बरुआ जालाकी हूँसेपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान की गई, जहां संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी लेने पर वाहन चोरी का पाया गया। जांच में सामने आया कि बरामद बोलेरो पर लगाए गए नंबर प्लेट पूरी तरह फर्जी थे और वाहन को दूसरे जनपद में बेचने की तैयारी की जा रही थी। पकड़े गए अभियुक्त सुल्तानपुर और वाराणसी जनपद के निवासी हैं तथा इनके खिलाफ सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, वाराणसी और अम्बेडकरनगर समेत कई जिलों में वाहन चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है और यह गिरोह लंबे समय से संगठित तरीके से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना इब्राहिमपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, चोरी के अन्य वाहनों और उनके नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की संभावना है, जिससे आगे और बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

और नया पुराने