अम्बेडकरनगर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना आलापुर क्षेत्र से जुड़े मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी सुधाकर चौबे को पुलिस ने घनघटा बाजार, जनपद संतकबीरनगर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से क्षेत्रीय स्तर पर अपराध नियंत्रण अभियान को बल मिला है।
थाना आलापुर पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त सुधाकर चौबे पुत्र रामपत चौबे निवासी ग्राम मड़पौना, थाना घनघटा, जनपद संतकबीरनगर, उम्र लगभग 55 वर्ष है। आरोपी के खिलाफ थाना आलापुर में मु0अ0सं0-183/25, धारा 137(2)/87 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस टीम ने अभियुक्त को 28 अगस्त 2025 की दोपहर करीब 12.20 बजे घनघटा बाजार स्थित एक किराये के कमरे से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को थाने लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी के आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की जानकारी पूर्व में भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी से न केवल मामले में लंबित कार्रवाई आगे बढ़ेगी बल्कि अपराधियों पर भी सख्त संदेश जाएगा कि पुलिस किसी को भी बख्शने वाली नहीं है।
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक राहुल कुमार तथा हेड कांस्टेबल चन्द्रभूषण भारती की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने अभियुक्त को घेराबंदी कर दबोच लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की यह कार्रवाई अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लगातार हो रही गिरफ्तारी से अपराधियों के हौसले पस्त हो रहे हैं और आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हो रहा है।
