कुर्की बाजार में पुलिस का जाल, वांछित अभियुक्त कृष्णकुमार धर दबोचा — सम्मनपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि


अम्बेडकरनगर। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सम्मनपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी ग्राम कुर्की बाजार से करीब 200 मीटर आगे, मुखबिर की पुख्ता सूचना पर बिछाए गए पुलिस जाल में हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कृष्णकुमार पुत्र छेदीलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी फतेहपुर कमासिन थाना तारुन जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। यह वही आरोपी है जिसके खिलाफ थाना सम्मनपुर में मु0अ0सं0 109/25 धारा 137(2)/87/352/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था और पुलिस पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 27 मई 2025 को वादी उमेश पुत्र छोटे लाल वर्मा निवासी अशरफपुर पचाउख ने थाना सम्मनपुर में तहरीर दी थी, जिसमें अभियुक्त कृष्णकुमार सहित दो लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था और पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

गुरुवार को दोपहर लगभग 1 बजे उपनिरीक्षक धीरज कुशवाहा को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णकुमार कुर्की बाजार की तरफ देखा गया है। इस पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर क्षेत्र में घेराबंदी की गई और आरोपी को बिना किसी हंगामे के गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश मिला। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और अपराधियों के बीच खौफ का माहौल बना है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक धीरज कुशवाहा और कांस्टेबल राष्ट्रप्रकाश यादव शामिल थे, जिन्होंने पूरे ऑपरेशन को सफलता तक पहुंचाया।

और नया पुराने