अम्बेडकरनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव के नेतृत्व में जिलेभर में अपराध की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को महरूआ पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी।
थाना महरूआ पुलिस टीम ने वाद संख्या 5242/2020, अपराध संख्या 116/2019 धारा 498ए, 323, 506 भादवि व 3/4 डीपी एक्ट से सम्बन्धित वारण्टी रमन सिंह पुत्र विनय सिंह निवासी ग्राम मुकुन्दीपुर थाना महरूआ को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन अम्बेडकरनगर द्वारा गैर-जमानती वारंट निर्गत था।
महरूआ पुलिस ने मंगलवार 26 अगस्त को अभियान के दौरान दबिश देकर दोपहर करीब सवा बजे अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्यवाही पूरी कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए वारंटियों व वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। साथ ही जनता से भी अपील की गई है कि ऐसे लोगों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कानूनी शिकंजा कसा जा सके।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग द्वारा अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
