भीटी पुलिस की बड़ी कामयाबी: पाक्सो एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार, किशोरी को बहला-फुसलाकर किया था दुष्कर्म

अम्बेडकरनगर। थाना भीटी पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता अर्जित की है। मंगलवार को पुलिस टीम ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जो पाक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में वांछित चल रहा था। आरोपी पर नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उसके साथ बलात्कार करने के गंभीर आरोप हैं।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम नाऊ का पुरवा परवरभारी निवासी विनय उर्फ अंकुर शर्मा पुत्र रामलोचन शर्मा के रूप में हुई है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना भीटी में मुकदमा संख्या 196/25 धारा 137(2)/351(3)/64(2)(m) BNS तथा 5(ठ)/6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मुकदमे में साफ उल्लेख है कि आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया और रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस गंभीर प्रकरण के सामने आने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था और फरार चल रहा था।

मंगलवार को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चनहा–सेनपुर मार्ग पर बढ़ईया मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को सुबह करीब 11:35 बजे दबोच लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक आरोपी से मामले से संबंधित अहम जानकारियां भी प्राप्त हुई हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल सूरज पाण्डेय और कांस्टेबल विनय यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी को पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

और नया पुराने