जैतपुर पुलिस व आबकारी टीम ने 41 मामलों की 495 लीटर कच्ची व देशी शराब की नष्ट


अम्बेडकरनगर जनपद के थाना जैतपुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए जैतपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। 15 दिसंबर 2025 को माननीय न्यायालय अम्बेडकरनगर के आदेश के अनुपालन में थाना जैतपुर से संबंधित 41 आबकारी अभियोगों में जब्त कुल 495 लीटर कच्ची व देशी शराब को नियमानुसार वीडियोग्राफी कराते हुए नष्ट किया गया। यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह, आबकारी निरीक्षक मुकेश कुमार और थानाध्यक्ष जैतपुर थीरेन्द्र कुमार आजाद मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

और नया पुराने