पिता और बड़े भाई की नृशंस हत्या करने वाला 50 हजार का इनामिया अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ के बिना दबोचा गया

जनपद अम्बेडकरनगर के थाना कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड के वांछित और 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली अकबरपुर, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर गौहन्ना बाईपास पर दबिश दी गई, जहां से अभियुक्त रवि सोनी पुत्र कृष्णचन्द्र सोनी निवासी मोहल्ला शहजादपुर थाना कोतवाली अकबरपुर उम्र करीब 38 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त पर आरोप है कि 02 अगस्त 2023 को उसने पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के चलते अपने ही पिता कृष्णचन्द्र सोनी और बड़े भाई आनंद सोनी को ईंट व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था, जबकि अपनी माता सुनीता देवी को जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भतीजे दीपक सोनी पुत्र शीतला प्रसाद सोनी निवासी अब्दुल्लापुर शहजादपुर थाना कोतवाली अकबरपुर की तहरीर पर थाना कोतवाली अकबरपुर में मुकदमा संख्या 448/23 धारा 147, 148, 149, 307, 302 और 34 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी, हालांकि अभियुक्त शातिर तरीके से स्थान बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। लंबे समय से फरार चल रहे इस इनामिया अभियुक्त की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। अंततः पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी/पूर्वी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की और उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि पारिवारिक कलह, पारिवारिक चारित्रिक दोषों को लेकर आरोप, तथा ससुराल पक्ष से चले आ रहे विवाद के कारण उसके मन में गहरा आक्रोश था, जिसके चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्त को उसके जुर्म और संबंधित धाराओं से अवगत कराते हुए 21 दिसंबर 2025 की रात करीब 23:10 बजे विधि सम्मत तरीके से हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों में दहशत और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।



और नया पुराने