बड़हलगंज में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नेपाल की काठमांडू इलेवन ने जीत लिया है। कड़े संघर्ष के बाद नेपाल ने नेशनल स्पोर्टिंग क्लब, बड़हलगंज को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया।
मानव शिक्षा सेवा संस्थान द्वारा संचालित नेशनल स्पोर्टिंग क्लब (ओल्ड) के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नेशनल स्पोर्टिंग क्लब, बड़हलगंज और काठमांडू इलेवन, नेपाल के बीच खेला गया। पहले हाफ के 13वें मिनट में नेपाल के खिलाड़ी कृपा ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
मध्यांतर के बाद, बड़हलगंज के खिलाड़ी अल दावों ने 12वें मिनट में गोल दागकर मुकाबला 1-1 की बराबरी पर ला दिया। निर्धारित समय तक यही स्कोर बना रहा।
निर्धारित समय में मैच का निर्णय न होने पर मुकाबला अतिरिक्त समय में गया, लेकिन दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें नेपाल की टीम ने बड़हलगंज को 5-4 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
विजेता टीम नेपाल को 61 हजार रुपये और उपविजेता बड़हलगंज को 41 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार नेपाल के खिलाड़ी कृपा को मिला, जबकि प्लेयर ऑफ द सीरीज का सम्मान बड़हलगंज के गोलकीपर साहिल को दिया गया।
मैच के दौरान निर्णायक खुर्शीद आलम, इज़हार आलम, अजीजुल हक और मो. शाहिद की निगरानी में खेल अनुशासित रहा। कमेंट्री बॉक्स से राज प्रकाश शाही और वीरेंद्र कुमार ने अपनी कमेंट्री से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आलोक गुप्ता और विशिष्ट अतिथि पूनम गुप्ता एवं शिखर गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर स्टेडियम में अध्यक्ष योगेश राय, संरक्षक इम्तियाज़ अहमद, मोहम्मद यूसुफ, संयोजक राम नगीना यादव, कोषाध्यक्ष रामदास मद्धेशिया, सलाउद्दीन, धीरज राय, सुनील यादव, चुन्नू, तीर्थराज, अशोक, श्रवण जायसवाल, ओमप्रकाश, सकलैन, कैप्टन आर.वी. यादव और सरफराज अहमद सहित सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे।



