अम्बेडकरनगर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने अपने बेटे आदित्य पटेल का जन्मदिन किसी होटल या समारोह में नहीं, बल्कि मानवता और करुणा के पावन स्थल दहीरपुर स्थित वृद्धा आश्रम में मनाकर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने बेसहारा, जरूरतमंद और परिवार से उपेक्षित वृद्धजनों के बीच पहुँचकर न केवल कम्बलों का वितरण किया, बल्कि अपने स्नेह और आत्मीयता से बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
कम्बलवितरण के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि
“आप सभी कभी भी अपने को असहाय न समझें। कपिल देव वर्मा को अपना बेटा मानिए। आवश्यकता पड़ने पर केवल एक फोन कीजिए, आपकी हर समस्या को दूर करने का मैं हरसंभव प्रयास करूंगा।”
उनके इन शब्दों ने आश्रम में मौजूद बुजुर्गों की आँखें नम कर दीं। भाजपा नेता के स्नेह, सम्मान और सहयोग को देखकर वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्ग अत्यंत आह्लादित और भावविभोर नजर आए।
इस अवसर पर जन्मदिन मना रहे आदित्य पटेल ने संस्कारों की मिसाल पेश करते हुए उपस्थित सभी बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों ने भी पूरे स्नेह के साथ आदित्य पटेल को दीर्घायु होने का आशीर्वाद देते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएँ और बधाइयाँ दीं।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम प्रबंधक सत्य प्रकाश शुक्ला, राधेश्याम उपाध्याय, इंद्रेश वर्मा सहित आश्रम के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे और इस नेक पहल की सराहना की।
कुल मिलाकर, यह आयोजन केवल एक जन्मदिन नहीं बल्कि संवेदनशील राजनीति, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों का जीवंत संदेश बन गया, जिसकी क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है।

