एंटी रोमियो चेकिंग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कूली छात्राओं पर फब्तियां कसने वाला युवक गिरफ्तार

अम्बेडकरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के तहत बसखारी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कौड़ाही बाजार में एंटी रोमियो चेकिंग के दौरान एक मनचले युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्धों की चेकिंग और अपराध की रोकथाम में जुटी हुई थी, इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक स्कूल से आने-जाने वाली छात्राओं व राह चलती महिलाओं पर अश्लील गाने गाकर फब्तियां कस रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और असहजता का माहौल बना हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी रोमियो टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को समय करीब 11:30 बजे पकड़ लिया और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम रणविजय पुत्र योगेन्द्र प्रसाद निवासी ग्राम कौड़ाही थाना बसखारी बताया। पुलिस ने युवक के कृत्य को सार्वजनिक शांति और महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध मानते हुए उसे हिरासत में ले लिया और थाना बसखारी पर मुकदमा अपराध संख्या 353/25 धारा 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक, कांस्टेबल एवं महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और अभियान की सराहना की। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

और नया पुराने