अम्बेडकरनगर: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नासिरपुर बरवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई ने अकबरपुर थाने में तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हंसवर थाना क्षेत्र के महमूदपुर निवासी विशाल तिवारी ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी बहन विठ्ठन तिवारी का विवाह वर्ष 2020 में नासिरपुर बरवा निवासी अंकित तिवारी, पुत्र जनार्दन तिवारी, के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर और सास द्वारा दहेज की मांग को लेकर विठ्ठन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की ओर से दो लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायतें सामने आती रहीं। आरोप है कि 25 और 26 दिसंबर की दरमियानी रात को विठ्ठन के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना समय पर नहीं दी गई, जिससे उन्हें देर से जानकारी मिली। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

और नया पुराने