अम्बेडकरनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुलेआम एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। यह घटना इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मौहारी खैरा गांव की बताई जा रही है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, रविवार शाम करीब चार बजे लाल चन्द्र अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही रवि, अपने कुछ साथियों के साथ अचानक घर पहुंचा और धारदार हथियार लेकर लाल चन्द्र पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए लाल चन्द्र जब वहां से भागने की कोशिश करने लगा, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से मारपीट की।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इस घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार की महिलाएं सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में पुलिस की नजर बनी हुई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
