अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर बाजार से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दबंगों ने एक दुकानदार को घेरकर बेरहमी से पीट दिया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शराब ठेके के पास पानी, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक की दुकान चलाने वाले शिवम जायसवाल अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर किस तरह दुकानदार को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं। आसपास मौजूद लोग दहशत के चलते बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
हमले में शिवम जायसवाल का बायां हाथ टूट गया है, जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने चार लोगों को नामजद करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर इंतजार बना हुआ है।
