अंबेडकर नगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक घर में अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
यह घटना अकबरपुर थाना इलाके के शहजादपुर अब्दुल्लापुर गांव की है, जहां सुमन पत्नी अनिल कुमार के घर में देर रात करीब 1:30 बजे धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं देख परिवार के लोग घबराकर घर से बाहर निकले और शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।
आवाज सुनते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक आग घर के अंदर रखा ढेला और मोमोज बनाने से जुड़ा पूरा सामान जलाकर राख कर चुकी थी। इस अग्निकांड में एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आई है।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
