अंबेडकरनगर जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीटी थाना क्षेत्र के मदार भारी गांव निवासी वृषभान सिंह अपने परिवार के साथ अकबरपुर गांधी आश्रम परिसर में रहते हैं। सोमवार को उनकी 33 वर्षीय बहू सोनी सिंह घर में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनके गले पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला का शव किचन में खून से लथपथ हालत में मिला। जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने यह भयावह दृश्य देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। आपसी रंजिश, लूट या किसी अन्य वजह से इनकार नहीं किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएग।
