अम्बेडकरनगर में दहशत: पागल कुत्ते का आतंक, एक ही गांव के 15 लोग घायल

 


अम्बेडकरनगर जिले के जलालपुर तहसील अंतर्गत मंगुराडिला गांव में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक एक पागल कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने गांव में घूम-घूमकर करीब 15 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार रात कुत्ता अचानक गांव में घुस आया और रातभर लोगों को निशाना बनाता रहा। जो भी सामने आया, उस पर कुत्ता झपट पड़ा। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी।

गांव निवासी कन्हैया लाल ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे सो रहे थे, तभी कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह दोबारा लौटा और उन्हें व उनके बेटे को भी काट लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता सुबह तक गांव में खुलेआम घूमता रहा और जिसे भी देखा, उसे काट लिया। आखिरकार, हालात बेकाबू होते देख ग्रामीणों ने एकजुट होकर कुत्ते को पकड़ लिया और उसे मार डाला।

इस हमले में कन्हैया लाल, डॉ. उमेश कुमार जोशी, सुभाष, प्रिंस कुमार, रामउजागिर, राम अजोर, राधिका, काजल समेत कुल 15 लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से इलाके में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।

और नया पुराने