अम्बेडकरनगर जनपद के थाना बसखारी क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां घर से नाराज़ होकर बिना बताए लुक-छिपकर दिल्ली जाने की फिराक में निकली एक नाबालिग युवती को मिशन शक्ति पुलिस टीम ने समय रहते सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर तथा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेन्द्र कुमार द्वारा जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान और क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी के निर्देशन में 24 जनवरी 2026 को थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में बसखारी थाना की मिशन शक्ति टीम क्षेत्र में भ्रमण व चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रही नाबालिग युवती को रोका गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह घरेलू कारणों से नाराज़ होकर बिना परिजनों को बताए दिल्ली जा रही थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल युवती के परिजनों से संपर्क किया, जिस पर परिजनों ने बताया कि उनकी पुत्री घर से अचानक निकल गई थी और वे काफी समय से उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस द्वारा युवती को महिला कांस्टेबल शिबू यादव की निगरानी में महिला हेल्प डेस्क लाकर सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया तथा आवश्यक कागजी कार्यवाही के बाद युवती को पूर्णतः सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस मानवीय, संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई से परिजन अत्यंत प्रसन्न नजर आए और उन्होंने बसखारी पुलिस सहित अम्बेडकरनगर पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। मिशन शक्ति टीम की इस कार्यवाही को क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण माना जा रहा है।
Tags
अम्बेडकर नगर
