अम्बेडकरनगर जनपद के थाना भीटी क्षेत्र अंतर्गत जमोलीगंज बाजार में स्थित देशी शराब के ठेके पर हुई लूट व फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अंतर्राज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घटना 21 जनवरी 2026 की है, जब दो मोटरसाइकिल सवार बदमाश शराब ठेके पर पहुंचे और वहां मौजूद सेल्समैन से 40,200 रुपये की नकदी लूट ली, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में थाना भीटी पर मु0अ0सं0 09/26 धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था तथा विवेचना के दौरान लूट व जानलेवा हमले की पुष्टि होने पर धारा 309(6) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
घटना के अनावरण के लिए थाना भीटी पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 26 जनवरी 2026 को शाम 8:05 बजे बुद्धूलाल की बगिया, ग्राम महापारा से अभियुक्त चन्दू निषाद उर्फ चन्द्रपाल निवासी धनाईतपुर थाना कादीपुर जनपद सुल्तानपुर तथा अभिषेक निषाद निवासी कटघरा चिरैनी पट्टी थाना दोस्तपुर जनपद सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से लूट की कुल 26,900 रुपये की नकदी, दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जबकि घटना में प्रयुक्त गैर जनपद से चोरी की गई मोटरसाइकिल खराब हो जाने के कारण अभियुक्त उसे घटनास्थल के पास छोड़कर फरार हो गए थे, जिसे पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक निषाद के खिलाफ पूर्व से लूट व अन्य संगीन धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके आपराधिक इतिहास की पुष्टि होती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


