अम्बेडकरनगर जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहिरौली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भीटी के निकट पर्यवेक्षण में गठित टीम ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान पटेल नगर तिराहे से हाथपाकड़ जाने वाले मार्ग पर एक शातिर वाहन चोर दुर्गेश कनौजिया निवासी जियापुर थाना इब्राहिमपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस काले रंग की, जिसकी आगे-पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी, तथा एक मोबाइल फोन इनफिनिक्स हॉट 50 5G बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 6 नवंबर 2025 को जिला चिकित्सालय अम्बेडकरनगर से एक अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर उसकी मोटरसाइकिल पर कटेहरी बाजार तक सफर किया था और रास्ते में जब बाइक मालिक लघुशंका के लिए सड़क किनारे रुका, तभी चाबी लगी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घर पहुंचने पर मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखा मोबाइल फोन भी उसने अपने पास रख लिया और लंबे समय से उसे छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त आज चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा। बरामदगी के आधार पर थाना अहिरौली में पंजीकृत मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध पहले से वाहन चोरी, चोरी का माल रखने, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।
Tags
अम्बेडकर नगर
