अंबेडकरनगर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, पेड़ से लटका मिला खून से सना शव, इलाके में हड़कंप

अंबेडकरनगर जिले के आलापुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के बाहर एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला। शव खून से सना हुआ था, जिसे देखकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान पिपरा गांव के भदया पुरवा निवासी 40 वर्षीय अवधेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अवधेश दिल्ली में पीओपी का काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था। सुबह ग्रामीणों ने जब गांव से बाहर पेड़ पर शव लटका देखा, तो इसकी खबर आग की तरह फैल गई।

शव पर खून के स्पष्ट निशान मिलने से मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आलापुर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।

और नया पुराने