मकर संक्रांति पर्व पर महादेवा घाट का पुलिस अधीक्षक ने किया व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

मकर संक्रांति पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने महादेवा घाट, कोतवाली टाण्डा क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट परिसर में की गई सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बनाए गए मार्ग, गोताखोरों की तैनाती, महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने घाट पर ड्यूटी में लगे पुलिस बल को लगातार निगरानी रखने, भीड़ बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, कंट्रोल रूम से समन्वय तथा त्वरित रिस्पांस टीम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और सभी से शांति, संयम एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की गई, ताकि मकर संक्रांति का पर्व सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सके।

और नया पुराने