अम्बेडकरनगर में रहस्यमयी हालात में मौत, तालाब की रखवाली करने वाले व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला

अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर थाना क्षेत्र स्थित महेशपुर मंडप गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

मृतक की पहचान गांव निवासी जय प्रकाश निषाद (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार जय प्रकाश गांव से बाहर स्थित तालाब की निगरानी का कार्य करते थे और शनिवार को भी वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गए थे, लेकिन रात में वापस नहीं लौटे।

सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक बरगद के पेड़ पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर आलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मृतक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

और नया पुराने