अम्बेडकरनगर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में थाना महरुआ पुलिस टीम ने रविवार को एक वारण्टी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
थाना महरुआ पुलिस के अनुसार ग्राम बरामदपुर निवासी सुनील वर्मा (48 वर्ष), पुत्र रामनेवल के खिलाफ वाद संख्या 179/18, मु0अ0सं0 42/15, धारा 125 सीआरपीसी से संबंधित मामला दर्ज है। लंबे समय से वह न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था। इस कारण परिवार न्यायालय अम्बेडकरनगर से उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था।
रविवार को पुलिस को उसके घर पर मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर उपनिरीक्षक प्रभात कुमार व हेड कांस्टेबल प्रमोद शर्मा ने टीम के साथ दबिश दी और करीब दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर वारण्टी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया।
महरुआ पुलिस की इस तत्परता से स्थानीय लोगों में संतोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लगातार सख्ती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर हो रही है और अपराधियों के हौसले पस्त हो रहे हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अपराधियों और वारण्टियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर अपराधियों को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से फरार वारण्टियों में भी डर का माहौल बनेगा और वे स्वयं न्यायालय में पेश होने को मजबूर होंगे।
