पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना मालीपुर पर मुकदमा संख्या 181/2025 धारा 137(2)/65(1) बीएनएस और 3/4(2) पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज था। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार की सुबह करीब 6:15 बजे थाना मालीपुर पुलिस टीम ने नेमपुर पुल तिराहा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने वादिनी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना से पीड़िता के परिजनों में गहरा आक्रोश था। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए सक्रिय थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे विधिक कार्रवाई पूरी करने के उपरांत न्यायालय में पेश कर दिया।
अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व क्षेत्राधिकारी जलालपुर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मालीपुर स्वतंत्र कुमार मौर्या के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्या के साथ कांस्टेबल मनी और कांस्टेबल अजय चौधरी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
