टांडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाक्सो एक्ट के आरोपी रेहान अंसारी को किया गिरफ्तार

अम्बेडकरनगर। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत टांडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली टांडा पुलिस ने पाक्सो एक्ट से जुड़े गंभीर मामले में वांछित आरोपी रेहान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सहअभियुक्त विशाल वर्मा के मुर्गी फार्म, रोडवेज टांडा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली टांडा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 264/25 धारा 137(2)/87/65(1) बीएनएस व 5L/6 पाक्सो एक्ट में रेहान अंसारी पुत्र मैनुद्दीन अंसारी निवासी नसरुल्लाहपुर, अशरफपुर किछौछा थाना बसखारी, जनपद अम्बेडकरनगर का नाम दर्ज था। 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजकर 2 मिनट पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

प्रेम और भागने की कहानी
गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में रेहान ने पुलिस को बताया कि वह करीब डेढ़ साल से एक युवती से बातचीत कर रहा था और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। रेहान ने कहा कि वह युवती से शादी करना चाहता था। 16 अगस्त को उसने युवती को फोन कर चिन्तौरा बुलाया, जहां से दोनों इंदौर चले गए। इंदौर में उन्होंने रास्ते में ही शादी करने का दावा किया और किराए के कमरे में पति-पत्नी की तरह रहने लगे।

रेहान ने पुलिस को बताया कि इंदौर में रहने के दौरान उसने कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद काम की तलाश में दोनों मुंबई भी गए, लेकिन काम न मिलने पर इधर-उधर भटकते रहे। इसी बीच जानकारी हुई कि युवती की मां ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया है। मामला दर्ज होने के बाद घबराए रेहान और युवती इंदौर व मुंबई छोड़कर शाहगंज, जौनपुर होते हुए टांडा लौट आए।

टांडा लौटते ही पुलिस ने दबोचा
पुलिस का कहना है कि रेहान युवती को उसके घर छोड़ने जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के बाद 28 अगस्त को न्यायालय भेज दिया गया।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सचिव कुमार मौर्य, कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और महिला कांस्टेबल रूबी सिंह की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

और नया पुराने