अम्बेडकर नगर। थाना इब्राहिमपुर क्षेत्र में मिशन शक्ति फेस-5 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत *ग्राम दौलतपुर डिहवा, फरीदपुर कला, ऐनव रकबा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में* महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन थाना अध्यक्ष रितेश पांडे के नेतृत्व में किया गया, जिसमें एसआई सुषमा के निर्देशन में हेड कांस्टेबल राव साहब, महिला सिपाही नमिता मौर्य और रेशमा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला सहायता 181 और शिकायत निवारण नंबर 1076 की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एसआई सुषमा ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य हर महिला को सशक्त बनाना और समाज में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि "हर महिला को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में वे तुरंत सही कदम उठा सकें।"
ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस टीम के इस प्रयास की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा तथा महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ेगी।
थाना इब्राहिमपुर पुलिस प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि इस प्रकार के जनजागरण कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि क्षेत्र की हर महिला सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।
अंबेडकर नगर के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति फेस-5 के तहत यह जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

