विजयादशमी के अवसर पर गोला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया शताब्दी समारोह

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गोला नगर पंचायत के संघ स्थल पर विजयादशमी महापर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर संघ के कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम और संघ के संस्थापक पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन का आयोजन कर कार्यक्रम को संपन्न किया गया।

नगर संघचालक मनोज कुमार उमर ने अपने संबोधन में कहा, "1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शुरुआत मात्र पांच लोगों से हुई थी। भगवा ध्वज को गुरु मानकर यह संगठन आज विश्व की सबसे बड़ी राष्ट्रसेवा में समर्पित संस्था बन चुका है, जो देश हित में निरंतर कार्य कर रहा है।" उन्होंने संघ के सतत प्रयासों और समाज सेवा में इसके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न कशौधन, संजय मद्धेशिया, अखिलेश तिवारी, सुरेंद्र यादव, अनिल , नेहाल चौधरी, उपेंद्र जायसवाल, गणेश मद्धेशिया, ऋषि साहनी, मनोज कसौधन, शिव शंकर पाठक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संघ के उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में इसके योगदान को याद किया।

यह आयोजन न केवल विजयादशमी के पावन अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का प्रतीक रहा, बल्कि संघ के शताब्दी वर्ष के उत्सव ने कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार भी किया।

और नया पुराने