टाण्डा (अंबेडकर नगर) 12 नवम्बर 2025 को विवेकानन्द शिशु कुञ्ज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनटीपीसी टाण्डा (अंबेडकर नगर) में विद्या भारती के तत्वावधान में “सप्त शक्ति संगम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति के माध्यम से भारतीय कुटुंब व्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था। इस कार्यक्रम में माता की भूमिका, बालक के समग्र विकास में मातृशक्ति का महत्व, आत्मगौरव, सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रतिभा तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, वित्तीय स्वावलंबन, नेतृत्व क्षमता और लैंगिक समानता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
मुख्य वक्ता रीता रानी चौधरी ने भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांत “वसुधैव कुटुम्बकम्” और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन शैली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों, संवाद, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को मातृशक्ति के महत्वपूर्ण दायित्वों के रूप में प्रस्तुत किया। साथ ही वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर विस्तृत मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कार्यक्रम का अध्यक्षीय उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए मातृशक्ति की महत्ता, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और समाज में उनकी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। विद्यालय की छात्राओं ने “प्रेरणादायी महिलाओं के संदेश” विषय पर देश की विभिन्न वीरांगनाओं का जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया। इसमें यशस्वी ने अहिल्याबाई, आराध्या ने जीजाबाई, असिता ने दुर्गावती, दीप्ति गौड़ ने रानी पद्मावती, वैष्णवी ने रानी लक्ष्मीबाई और स्वरा ने रानी चेन्नम्मा की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कक्षा 6 की माताओं का सम्मान भी किया गया, जिनमें अर्चना सिंह और नेहा तिवारी विशेष रूप से सम्मानित रहीं। मंच संचालन का कार्य शिप्रा वर्मा और रीना सिंह ने कुशलता से किया, जबकि कार्यक्रम संयोजन की जिम्मेदारी रंजना त्रिपाठी ने निभाई। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का कार्य अंकिता त्रिपाठी और रविंद्र प्रताप सिंह ने किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी आचार्यों और सहयोगी स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मातृशक्ति की गरिमा, संस्कृति के प्रति गहन भावनाओं और कर्तव्यनिष्ठा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।
इस प्रकार, “सप्त शक्ति संगम” कार्यक्रम मातृशक्ति की प्रेरक उपस्थिति, उत्कृष्ट आयोजन और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी चेतना के साथ अत्यंत सफल और यादगार रहा।
