अंबेडकरनगर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी मरहरा गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से दिव्यांग युवक को चोरी के शक में ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बिना किसी पुष्टि के उसे पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि युवक ने गांव से ठेला, कोल्हू और तीन बोरा गेहूं चोरी किया है। इसी संदेह के आधार पर युवक को दोषी मान लिया गया और कानून को हाथ में लेते हुए उसके साथ मारपीट की गई।
सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और चोरी से जुड़ा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
पुलिस पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि युवक केवल पानी पीने के लिए एक घर में घुस गया था, जिसे ग्रामीणों ने चोरी की कोशिश समझ लिया। युवक मूल रूप से बसखारी थाना क्षेत्र का निवासी है और रास्ता भटकते हुए पकड़ी मरहरा गांव पहुंच गया था। मानसिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपनी बात स्पष्ट नहीं कर सका, जिससे गलतफहमी और बढ़ गई।
पुलिस ने तत्काल युवक को अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को अपने साथ घर ले गए।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून हाथ में लेने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के साथ स्वयं न्याय करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि निर्दोषों को ऐसी अमानवीय प्रताड़ना का शिकार न होना पड़े।
