अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम परिसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शिक्षिका की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति, ससुर और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान सोनी सिंह के रूप में हुई है, जो अकबरपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पारिवारिक कलह और पति का शक प्रमुख वजह बताई जा रही है।
मामले की शुरुआत मृतका के चाचा गोविंद सिंह की तहरीर से हुई, जिसके आधार पर पति उमाशंकर सिंह, ससुर बृजभान सिंह और सास मालती सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि पति उमाशंकर सिंह को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि सोनी सिंह ने इस उत्पीड़न से तंग आकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी और इस संबंध में आधा दर्जन से अधिक बार प्रार्थना पत्र भी दिए थे। बावजूद इसके हालात नहीं बदले।
पति के शक और घरेलू दबाव के चलते सोनी सिंह को करीब एक महीने पहले नौकरी तक छोड़नी पड़ी थी। आखिरकार यह विवाद एक खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
