ताड़ी के पैसे को लेकर हुआ विवाद, युवक ने लहराया अवैध तमंचा, पुलिस ने मौके पर दबोचा

अम्बेडकरनगर जनपद के कोतवाली टाण्डा थाना क्षेत्र में ताड़ी के पैसे को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक युवक ने अवैध तमंचा निकालकर दुकानदार को डराना शुरू कर दिया। घटना 19 जनवरी 2026 की शाम देवहट मोकामपुर स्थित तीजू राम की ताड़ी की दुकान की है, जहां ग्राम पुन्थर निवासी आफताब आलम पुत्र महबूब आलम ताड़ी पीने पहुंचा था। अभियुक्त के अनुसार उसके पास उस समय पैसे नहीं थे, जिस पर दुकानदार ने तत्काल भुगतान की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और खुद को अपमानित महसूस करते हुए आफताब आलम ने अपने पास रखा 315 बोर का अवैध देशी तमंचा निकालकर गाली-गलौज करते हुए दुकानदार को डराने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए अभियुक्त को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली टाण्डा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अभियुक्त को हिरासत में लेकर उसके पास से एक अदद अवैध देशी तमंचा बरामद किया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 15/26 धारा 352 बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।

और नया पुराने