अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। मेंदीपुर और रौतापुर गांवों में अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाते हुए करीब आठ लाख रुपये नकद और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रौतापुर गांव में चोरों ने ग्राम प्रधान राम अकबाल के घर को अपना निशाना बनाया। बताया गया कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे का दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद सहित सोने की चेन, चार अंगूठियां, पायल और झुमके समेत लगभग पांच लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
इसी रात मेंदीपुर गांव में भी चोरों ने तीन घरों में सेंध लगाई। राजेश यादव, जगराम यादव और रामकरन यादव के घरों में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने नकदी और लाखों रुपये के कीमती आभूषण चुरा लिए। सभी वारदातें बेहद शातिर तरीके से अंजाम दी गईं।
सुबह जब घर के लोग जागे तो कमरों में बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अकबरपुर थाने में तहरीर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में अकबरपुर के प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
