अम्बेडकरनगर। जिले में 18 से 20 जनवरी तक श्रवण धाम महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्रवण धाम के विकास को बढ़ावा देना और इसे रामायण सर्किट से जोड़ना है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि महोत्सव में देश के नामी कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से आम लोगों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महोत्सव में शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करें।
महोत्सव का पहला दिन – 18 जनवरी
सुबह महोत्सव का शुभारंभ पूजन और हवन के साथ होगा। इसके बाद स्थानीय कलाकार भक्ति गीत, लोकगीत, लोकनृत्य और बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। दोपहर में महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभागीय कार्यक्रम होंगे। शाम को ब्रज के कलाकारों की फूलों की लठमार होली, मयूर नृत्य, तम्मा आरती और दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायक अनुप जलोटा भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे।
दूसरा दिन – 19 जनवरी
इस दिन किसान सम्मेलन और गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके बाद राजस्थान, वाराणसी और झारखंड के कलाकार विभिन्न लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। शाम को तम्मा आरती होगी और रात में कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास अपनी टीम के साथ काव्य पाठ करेंगे।
अंतिम दिन – 20 जनवरी
तीसरे दिन सुबह श्रवण धाम से शिव बाबा धाम तक हाफ मैराथन (Run for Culture) का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्रमिक और युवा सम्मेलन, छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पुरस्कार वितरण समारोह होंगे। शाम को लेजर शो, लोकनृत्य और रामलीला मंचन का आनंद लिया जा सकेगा। रात्रि में भव्य समापन समारोह के साथ महोत्सव का समापन होगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी नागरिकों से इस महोत्सव का हिस्सा बनने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को महसूस करने की दोबारा अपील की है।
Tags
अम्बेडकर नगर
