अम्बेडकरनगर जनपद के थाना इब्राहिमपुर क्षेत्र के केदारनगर बाजार में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़, छींटाकशी तथा अश्लील गाने गाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रणव पुत्र स्व. मधूसुदन मिश्र (उम्र 18 वर्ष) एवं शैलेष पुत्र रामबहाल वर्मा (उम्र करीब 25 वर्ष), निवासी सेवई लोहार का पूरवा, थाना इब्राहिमपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर व अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशानुसार महिला निरीक्षक सुषमा मौर्या के नेतृत्व में गठित एण्टीरोमियो टीम ने 11 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:20 बजे केदारनगर बाजार से अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, अभियुक्त लगातार क्षेत्र में आने-जाने वाली लड़कियों और महिलाओं को देखकर छेड़छाड़ करते थे तथा अश्लील गाने गाकर उनका मानसिक शोषण कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में महिलाओं में असुरक्षा की भावना व्याप्त थी। महिला निरीक्षक सुषमा मौर्या ने तहरीर के आधार पर थाना इब्राहिमपुर में मुकदमा संख्या 249/25 धारा 296 बी.एन.एस. के तहत पंजीकरण कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों को विधिक प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय भेजा गया है। इस सफलता में महिला उपनिरीक्षक सुषमा मौर्या, हेड कांस्टेबल राय साहब, महिला कांस्टेबल गीतांजली एवं पूर्णिमा की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे अपराधों पर पूरी सख्ती बरतने का संकल्प लिया है ताकि महिलाओं एवं लड़कियों का समाज में सम्मान और सुरक्षा बनी रहे।
Tags
अम्बेडकर नगर
