मालीपुर हादसे में घायल संजय गुप्ता ने तोड़ा दम, गांव में छाया मातम

अम्बेडकरनगर। मालीपुर चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में घायल संजय गुप्ता (28) की बुधवार देर शाम इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कटका थाना क्षेत्र के रफीगंज गांव निवासी संजय गुप्ता अपनी पत्नी पूजा गुप्ता के साथ वाराणसी से इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। शुक्रवार को जब वे मालीपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। संजय की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था, जबकि उनकी पत्नी पूजा का इलाज जलालपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। बुधवार देर शाम इलाज के दौरान संजय ने अंतिम सांस ली।

गुरुवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोग नम आंखों से अपने चहेते संजय को अंतिम विदाई देने पहुंचे। बताया गया कि संजय दो भाइयों में बड़े थे और अपने पीछे डेढ़ साल का एक मासूम बेटा छोड़ गए हैं।

मृतक का अंतिम संस्कार चहेड़ाघाट पर किया गया, जहां क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, भाजपा नेता संजय सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, संतोष गुप्ता व रविचंद्र शिल्पी समेत कई गणमान्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

और नया पुराने