अंबेडकरनगर, 2 नवंबर: जिले में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए प्रशासन ने अभियान की गति बढ़ा दी है। 1 से 10 नवंबर तक चल रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 4,61,169 किसानों में से 2,83,546 किसानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जो लगभग 62 प्रतिशत है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष किसानों का पंजीकरण जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपनिदेशक कृषि और उप जिलाधिकारियों को पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्रीन लिस्ट और रेड लिस्ट के साथ-साथ किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जहां ग्रीन लिस्ट के किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, वहां रेड लिस्ट के किसानों का पंजीकरण तुरंत शुरू किया जाए। पंचायत सहायकों को अपने-अपने ग्राम पंचायत से बाहर रहने वाले किसानों की सूची तैयार कर उपनिदेशक कृषि को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
वरासत (उत्तराधिकार) में आए नामों में अंतर वाले किसानों की सूची तैयार कर संबंधित कानूनगो को भेजने और तत्काल संशोधन कराने का आदेश भी जिलाधिकारी ने दिया। सभी उप जिलाधिकारियों को अपने तहसीलों में कैंप लगाकर लेखपाल और कानूनगो की ड्यूटी लगाकर कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया है।
इसके अतिरिक्त, सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, रोजगार सेवक, आशा, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सफाई कर्मियों के समन्वय से फार्मर रजिस्ट्री कैंपों की मुनादी कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आगामी 10 दिनों के लिए विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारियों को क्षेत्र आवंटित किए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कैंपों का भ्रमण करने, किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से मिलने वाले लाभ और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें प्रेरित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी का यह स्पष्ट संदेश है कि अंबेडकरनगर में हर किसान का पंजीकरण समय से और पूरी तत्परता के साथ हो, ताकि सभी किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
